शनिवार, 4 अक्टूबर 2025

“गो सोलर” अभियान की शुरुआत, हर घर सौर ऊर्जा पहुंचाने का संकल्प, सौर ऊर्जा अपनाओ, अपना भविष्य चमकाओ” प्रोजेक्ट की शुरुआत


गो सोलरअभियान की शुरुआत, हर घर सौर ऊर्जा पहुंचाने का संकल्प

सौर ऊर्जा अपनाओ, अपना भविष्य चमकाओप्रोजेक्ट की शुरुआत

3 अक्तूबर: डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने आज जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स, होशियारपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में गो सोलर- सौर ऊर्जा अपनाओ, अपना भविष्य चमकाओप्रोजेक्ट की शुरुआत की।


डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य हर घर को स्वच्छ और किफायती ऊर्जा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से नागरिकों को उनकी छतों पर सौर ऊर्जा पैनल लगाने के लिए हर संभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सोलर पैनल जहां एक ओर बिजली बिल को शून्य या बहुत कम कर देंगे, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

डिप्टी कमिश्नर ने पत्रकारों को जानकारी दी कि जिले के अधिकांश परिवार साल भर में 300 यूनिट से अधिक बिजली की खपत करते हैं और इस वजह से उन्हें भारी बिल भरना पड़ता है। सौर पैनल लगाने से यह बोझ कम होगा और परिवारों को आर्थिक लाभ भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि योजना के तहत नागरिकों को कई फायदे दिए जा रहे हैं जिनमें बिजली बिल में भारी बचत, 78,000 रुपए तक की सरकारी सब्सिडी, 24 घंटे बिजली की उपलब्धता और घरेलू खर्चों में संतुलन जैसे लाभ शामिल हैं। इसके अलावा सौर ऊर्जा के उपयोग से ग्लोबल वार्मिंग को घटाने में भी सहयोग मिलेगा।  उन्होंने बताया कि हाल ही में नेशनल पावर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की ओर से होशियारपुर में ग्रिड कनेक्टेड सोलर रूफटॉप सिस्टम पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के 80 से अधिक कर्मचारियों ने भाग लिया था।

योजना की प्रक्रिया के बारे में डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि मीटर रीडर घर-घर जाकर लोगों को डिप्टी कमिश्नर की ओर से जारी पत्र देकर योजना की जानकारी देंगे और आवश्यक डेटा ऑनलाइन दर्ज करेंगे। इसके बाद जिला प्रशासन द्वारा अनुमोदित विक्रेता नागरिकों से संपर्क कर पैनल लगाने की प्रक्रिया पूरी करेंगे। सभी कागजी कार्यवाही और बिजली विभाग से संबंधित औपचारिकताएं भी इन्हीं विक्रेताओं द्वारा पूरी की जाएंगी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी पार्षदों व सरपंचों को भी उनकी ओऱ से जारी पत्र भेजकर लोगों को जागरुक करने की अपील की जाएगी। उन्होंने बताया कि लाभार्थियों के बैंक खाते में 15 से 30 दिनों के भीतर सब्सिडी की राशि सीधे जमा होगी तथा कम ब्याज दर पर बैंक लोन की सुविधा भी उपलब्ध होगी। पूरी प्रक्रिया 45 से 60 दिनों के भीतर पूरी कर दी जाएगी।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने नागरिकों से अपील की कि वे तुरंत इस योजना का लाभ उठाएं और जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए क्यू.आर. कोड को स्कैन कर अपना आवेदन करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान न केवल बिजली बचत में मददगार साबित होगा बल्कि जिले को स्वच्छ और हरित ऊर्जा की ओर भी अग्रसर करेगा। उन्होंने कहा कि योजना संबंधी अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 75899-44720 पर संपर्क किया जा सकता है। इस अवसर पर सचिव रेडक्रास सोसायटी मंगेश सूद, संयुक्त सचिव आदित्य राणा भी उनके साथ मौजूद थी।


 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

देसी स्वाद पर मिलावट का कहर — होशियारपुर के बेलनों में बन रहा ‘जहरनुमा गुड़’!

 देसी स्वाद पर मिलावट का कहर — होशियारपुर के बेलनों में बन रहा ‘जहरनुमा गुड़’! गुलियानी, होशियारपुर, 26 अक्तूबर होशियारपुर जिला अपने देसी गु...