किसानों से मंडियों
में सूखा धान लाने की अपील की- डिप्टी कमिश्नर
कहा, पराली
न जलाएं, पर्यावरण और भूमि की उर्वरता बचाएं
होशियारपुर,
4 अक्तूबरः डिप्टी
कमिश्नर आशिका जैन ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे मंडियों में केवल सूखा
धान लेकर आएं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से धान की खरीद के लिए नमी की
सीमा 17 प्रतिशत तय की गई है, इसलिए किसानों को चाहिए कि वे अपनी फसल
को पूरी तरह सुखाकर ही मंडियों में लेकर आएं। वे आज धान की खरीद संबंधी अधिकारियों
की बैठक को संबोधित कर रही थी।
डिप्टी कमिश्नर
आशिका जैन ने कहा कि खरीद सीज़न के दौरान किसी भी किसान या मंडियों में खरीद से
जुड़े वर्ग को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को
निर्देश दिए कि किसानों को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए ताकि उन्हें मंडियों में
अपनी फसल बेचने के समय किसी कठिनाई का सामना न करना पड़े। डिप्टी कमिश्नर ने
बताया कि जिले की सभी मंडियों में खरीद संबंधी सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया पूरी
तरह से पंजाब सरकार द्वारा तय किए गए नियमों और हिदायतों के अनुसार हो। उन्होंने
दोहराया कि सरकार किसानों की कड़ी मेहनत से तैयार की गई फसल का एक-एक दाना खरीदने
के लिए प्रतिबद्ध है। आशिका जैन ने किसानों से अपील की कि वे
कंबाइन से धान की कटाई केवल सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ही करें ताकि
फसल में नमी की मात्रा न बढ़े। साथ ही, कंबाइनों पर सुपर
एस.एम.एस. का प्रयोग अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि
जिले में कोई भी कंबाइन बिना सुपर एस.एम.एस. के संचालन की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने किसानों से
यह भी आग्रह किया कि वे पराली को आग न लगाएं। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से न
केवल पर्यावरण को हानि पहुंचती है बल्कि जमीन की उर्वरता भी प्रभावित होती है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पराली प्रबंधन को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में
अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। इस मौके पर कृषि विभाग, मंडी
विभाग व खरीद एजेंसियों के अधिकारी भी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें