प्रसिद्ध समाजसेवी सुनील कुमार पोमरा ने पौधारोपण कर मनाया 82वां जन्मदिवस
होशियारपुर।
शहर के प्रख्यात समाजसेवी सुनील कुमार पोमरा ने अपना 82वां जन्मदिवस पर्यावरण संरक्षण को समर्पित करते हुए मनाया। इस अवसर पर उन्होंने श्री सिद्धि विनायक पार्क, ग्रीन वैली में पौधारोपण किया और सभी को संदेश दिया कि पेड़ ही इंसान के सच्चे मित्र होते हैं।
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे जीवन से लेकर मृत्यु तक हर क्षण साथ निभाते हैं। ये न केवल हमें स्वच्छ वायु प्रदान करते हैं, बल्कि पृथ्वी के संतुलन और मानव जीवन की निरंतरता के लिए भी अनिवार्य हैं। उन्होंने कहा कि जब वे मात्र 19 वर्ष के थे, तभी से उन्होंने अपने जन्मदिन पर पौधारोपण करने का संकल्प लिया और आज तक उसे निभा रहे हैं। उनका मानना है कि जन्मदिन जैसे पावन अवसर को समाज और पर्यावरण के लिए उपयोगी कार्यों से मनाना ही वास्तविक उत्सव है।
श्री पोमरा ने कहा कि वर्तमान समय में जिस प्रकार प्रदूषण बढ़ रहा है और हरित क्षेत्र कम होते जा रहे हैं, ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए सामूहिक रूप से वृक्षारोपण में योगदान देना समय की मांग है।
इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इनमें रजनीश कुमार गुलियानी, नीरज धीमान, सुप्रसिद्ध समाजसेवी दीपक कतना, सतीश कुमार सुरेश बंसल, अरविंद धीमान, प्रकाश बंसल, प्रीत, राजू, धर्मेंद्र और अन्य सम्मानित नागरिक शामिल थे। सभी ने मिलकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और पौधारोपण अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने श्री पोमरा के स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए यह विश्वास व्यक्त किया कि उनके इस प्रेरणादायी कदम से समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और बढ़ेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें