शिक्षा विभाग की मासिक बैठक सम्पन्न, स्कूलों में स्वच्छ पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
होशियारपुर।
शिक्षा विभाग की मासिक बैठक का आयोजन एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (डेवलपमेंट) निकास कुमार आईएएस की अध्यक्षता में किया गया। बैठक के कन्वीनर उप जिला शिक्षा अधिकारी (एलीमेंट्री शिक्षा) अमनदीप शर्मा रहे। बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से स्मार्ट क्लास रूम, मिड-डे मील, स्पेशल स्कूल एवं सिविल वर्क से जुड़े कार्यों पर गहन चर्चा की गई।
एडिशनल डिप्टी कमिश्नर निकास कुमार ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के सभी सरकारी स्कूलों में बच्चों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों का स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी विद्यालय में पेयजल की गुणवत्ता से समझौता न किया जाए तथा नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
बैठक में ब्लाक प्राइमरी एजुकेशन ऑफिसर चरणजीत, राजकुमार और जसविंदर बंसल, जिला सहायक स्मार्ट क्लासरूम कोऑर्डिनेटर सतीश कुमार शर्मा, तथा जिला कोऑर्डिनेटर रजनीश कुमार गुलियानी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अधिकारियों ने अपने-अपने ब्लॉकों में चल रही योजनाओं और कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
एडीसी निकास कुमार ने कहा कि स्मार्ट क्लासरूम योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ना प्राथमिकता में है। इसके साथ ही मिड-डे मील योजना के अंतर्गत बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग का लक्ष्य विद्यार्थियों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आत्मविश्वास जगाना है।
श्री कुमार ने अधिकारियों से अपील की कि स्कूलों में साफ-सफाई और अनुशासन पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि विद्यार्थी बेहतर वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि सिविल वर्क से संबंधित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए और इसमें पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
बैठक के अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों को यह संदेश दिया कि शिक्षा सुधार की दिशा में सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से लागू करें, ताकि आने वाली पीढ़ी को बेहतर और सशक्त भविष्य मिल सके।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें