सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ढोलबाहा में एनएसएस दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया
होशियारपुर 26 सितंबरः सरकारी सीनियर
सेकेंडरी स्कूल ढोलबाहा में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) दिवस बड़े उत्साह और
जोश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने समाज सेवा और स्वच्छता का
संदेश देते हुए विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता
स्कूल के एनएसएस ईंचार्ज सुभाष शर्मा ने की,
जिनका
सहयोग अध्यापिकाओं प्रीति बाला, अंजना, मधु, दीपिका
और शिक्षक जगजीत सिंह ने किया। कार्यक्रम
की शुरुआत विद्यालय प्रांगण में एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा शपथ ग्रहण के साथ हुई,
जिसमें
छात्रों ने स्वच्छता, सेवा और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इसके बाद
स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने “स्वच्छ
भारत, स्वस्थ भारत” के नारे लगाते हुए गांव की गलियों और
आस-पास के क्षेत्रों में स्वच्छता का संदेश फैलाया। रैली के बाद विद्यालय और आसपास के क्षेत्र में सफाई अभियान
चलाया गया। स्वयंसेवकों ने कचरा उठाकर उसे उचित स्थान पर निस्तारित किया और लोगों
को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्रों ने ग्रामीणों को
प्लास्टिक का कम उपयोग करने और गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग करने के बारे में भी जागरूक
किया।
सुभाष शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मुख्य उद्देश्य
विद्यार्थियों में समाज सेवा की भावना विकसित करना और उन्हें देश की प्रगति में
योगदान देने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि
स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं बल्कि जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा होना
चाहिए। कार्यक्रम के
अंत में स्कूल ईंचार्ज ने सभी विद्याथियों और शिक्षकों को उनकी सक्रिय भागीदारी के
लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाने
में अहम भूमिका निभाते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें