युवक सेवाएं विभाग ने करवाई रेड रिबन क्लबों की एडवोकेसी मीटिंग
- हरेक रेड रिबन क्लब कम से कम एक रक्तदान शिविर और नशा विरोधी जागरूकता शिविर जरूर लगाए : प्रीत कोहली
होशियारपुर, 26 सितंबर :युवक सेवाएं विभाग होशियारपुर के सहायक निदेशक प्रीत कोहली ने जिले के रेड रिबन क्लबों के सभी कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देश दिए कि हरेक संस्था द्वारा सत्र 2025-26 के दौरान कम से कम एक रक्तदान शिविर जरूर लगाए। वे आज स्थानीय रयात बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में रेड रिबन क्लबों की एडवोकेसी मीटिंग के दौरान संबोधित कर रहे थे। इस दौरान सभी रेड रिबन क्लबों के कार्यक्रम अधिकारियों, प्रतिनिधियों को मुख्यालय से प्राप्त अनुदान भी वितरित किया गया और जिले के रेड रिबन क्लबों को 2025-26 के दौरान किए जाने वाले कार्यों से अवगत कराया गया।
सहायक डायरेक्टर युवक सेवाएं ने 2024-25 सत्र के दौरान करवाई गई गतिविधियों की समीक्षा की, साथ ही वर्ष 2025-26 के दौरान रेड रिबन क्लबों के तहत होने वाली गतिविधियों संबंधी भी जानकारी दी गई। इस समागम के दौरान जिला होशियारपुर के 46 रेड रिबन नोडल अधिकारियों के अलावा 95 से अधिक विभिन्न कॉलेजों के पीयर एजुकेटर भी उपस्थित थे।
सहायक डायरेक्टर प्रीत कोहली ने कहा कि इन क्लबों के चलने से जिले के कॉलेजों, नर्सिंग कॉलेजों, पॉलिटेक्निक कॉलेजों के साथ सीधा संपर्क स्थापित हुआ है और विभाग की अन्य गतिविधियां भी इन संस्थाओं में बेहतर तरीके से चलाई जा रही हैं। प्रीत कोहली ने कहा कि 17 सितंबर 2025 को जिला स्तर पर मिनी मैराथन 5 किलोमीटर करवाई गई थी, उस मैराथन के दौरान सबसे अधिक भागीदार भेजने के लिए पहले स्थान पर डॉ. कुलविंदर सिंह आई.के.जे.पी.टी.यू होशियारपुर कैंपस, दूसरे स्थान पर प्रो. गुरप्रीत सिंह पं जगत राम सरकारी पॉलिटेक्निक होशियारपुर को और तीसरे स्थान पर प्रो. विजय कुमार सरकारी कॉलेज होशियारपुर को सम्मानित किया गया। इसके अलावा वर्ष 2024-25 के कार्यों के आधार पर जिले के 5 सर्वश्रेष्ठ रेड रिबन क्लब चुने गए जिन्होंने पिछले सत्र के दौरान बेहतर गतिविधियां करवाईं, जिनमें डॉ. कुलविंदर सिंह आई.के.जे.पी.टी.यू होशियारपुर कैंपस, प्रो. विजय कुमार सरकारी कॉलेज होशियारपुर, प्रो.अनुराधा एस.पी.एन कॉलेज मुकेरियां, प्रो. आयना रयात बाहरा कॉलेज ऑफ नर्सिंग और प्रो. करमजीत कौर बाबा औघड़ श्री फतेह नाथ जी गर्ल्स कॉलेज जेजों दोआबा को विशेष सम्मान और प्रमाणपत्र देकर नवाजा गया।
इस मौके पर डीडीआरसी सेंटर संदीप कुमारी साइकोलॉजिस्ट कम काउंसलर और प्रशांत आदिया काउंसलर रिहैब सेंटर द्वारा अपनी टीम के सहयोग से आए हुए नोडल अधिकारियों को एच.आई.वी. और नशे के बुरे प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। उन्होंने सभी कॉलेजों को कहा कि वे अपने-अपने कॉलेजों में विद्यार्थियों को ऐसे सेमिनार लगाने के लिए प्रेरित करें।
इस समागम के दूसरे वक्ता प्रीत कोहली द्वारा विद्यार्थियों के साथ रक्तदान, आंखों दान और अंग दान संबंधी विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने अपने संक्षिप्त और महत्वपूर्ण भाषण के दौरान विद्यार्थियों को अपने शब्दों से बांधा और उनमें मानवता की भावना पैदा करने की जागृति पैदा की।
इस मौके पर डॉ. कुलदीप कौर वालिया डीएसडब्ल्यू रयात बाहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी होशियारपुर द्वारा सभी मेहमानों का सम्मान किया गया। इस मौके पर जिले के सभी कॉलेजों के नोडल अधिकारियों के अलावा अन्य प्रतिष्ठित व्यक्ति भी मौजूद थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें