सिविल सर्जन कार्यालय होशियारपुर को मिला स्थायी सुपरिंटेंडेंट
होशियारपुर, 30 सितम्बर
आख़िरकार लंबे इंतजार के बाद सिविल सर्जन कार्यालय होशियारपुर को स्थायी रूप से सुपरिंटेंडेंट मिल गया है। करीब तीन वर्षों से मुख्य सुपरिंटेंडेंट का पद खाली पड़ा हुआ था, जिस कारण दफ्तर के प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे। अब पंजाब सरकार ने सिविल सर्जन कार्यालय के ही वरिष्ठ सहायक संजीव कुमार को पदोन्नति देकर ग्रेड-2 सुपरिंटेंडेंट नियुक्त कर दिया है।
संजीव कुमार ने सोमवार को औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वह वर्ष 2017 से वरिष्ठ सहायक के तौर पर सेवाएं दे रहे थे और अब पंजाब सरकार ने उन्हें सुपरिंटेंडेंट का पद देकर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वह सरकार का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि अपने ही शहर में जिम्मेदारी मिलने से उनका उत्साह और बढ़ गया है। उनका प्रयास रहेगा कि आम लोगों के कार्य समय पर और सरलता से निपटें तथा कार्यालय के कार्य भी और अधिक पारदर्शिता व गति के साथ संपन्न हों।
उन्होंने कहा कि सिविल सर्जन कार्यालय में जनता के स्वास्थ्य व प्रशासनिक कामकाज सीधे तौर पर जुड़े रहते हैं, इसलिए टीम भावना के साथ कार्य करते हुए लोगों को बेहतर सेवाएं देना उनकी प्राथमिकता होगी।
पदभार ग्रहण समारोह के मौके पर कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे, जिनमें दविंदर कुमार भट्टी, सतपाल पॉल पी.ए., सिविल सर्जन कार्यालय के सुपरिंटेंडेंट संजय कुमार शर्मा (ईएसआई), धर्मिंदर कुमार, बंबन कुमार, परमजीत कौर, आशा रानी, रिधु, रूपिंदर कौर, रानी, सैनिटरी इंस्पेक्टर हररूप कुमार शर्मा और गुरविंदर शाने विशेष तौर पर शामिल थे।
कर्मचारियों ने संजीव कुमार को फूलों के गुलदस्ते भेंट कर उनका स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई दी।
स्थायी सुपरिंटेंडेंट नियुक्त होने से अब उम्मीद की जा रही है कि दफ्तर के कामकाज में तेजी आएगी और लोगों को फाइलों व अन्य कार्यों के लिए बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें